सीतापुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम, 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने निकाली तिरंगा रैली

रिपोर्ट: शैलेन्द्र यादव, सीतापुर ब्यूरो
सीतापुर में आजादी का अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान 2025 के तहत जनपद भर में विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना जागृत करना और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के प्रथम चरण (2 से 8 अगस्त) में तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा राखी निर्माण, दीवार सजावट आदि कार्यक्रम हुए। द्वितीय चरण (9 से 12 अगस्त) में तिरंगा मेला, प्रदर्शनी, रैली और ध्वज वितरण जैसे आयोजन शामिल रहे।
आज राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर से जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने हरी झंडी दिखाकर भव्य तिरंगा रैली को रवाना किया। लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। रैली लालबाग चौराहा, आंख अस्पताल, तरणताल मार्ग से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।
विकास भवन सभागार में अपराह्न 12 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य, कविता, भाषण और गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने तिरंगा प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया और अपेक्षा जताई कि तृतीय चरण (13 से 15 अगस्त) भी पूरे उत्साह से मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन राज शर्मा, जिला व्यायाम शिक्षक ने किया।