
उदयपुर/रिपोर्ट – राकेश जैन
उदयपुर में आरएसएमएमबी वेलफेयर सोसायटी का स्नेह मिलन कार्यक्रम झामेश्वर महादेव परिसर में धूमधाम से आयोजित हुआ। इस अवसर पर उदयपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे।
मुख्य पंडित मनीष श्रीमाली और उनकी पांच सदस्यीय टीम ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ झामेश्वर महादेव का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें सभी सदस्यों को सपरिवार यजमान बनने का अवसर मिला। यज्ञ में उपस्थित सभी के सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुराने साथियों ने मिलकर पुरानी यादों को ताजा किया। किसी ने धार्मिक भजन-कीर्तन से वातावरण को भक्ति रंग में रंग दिया, तो कुछ ने चुटकुलों से सभी को खूब हंसाया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश माली ने कहा कि ऐसे आयोजन नई ऊर्जा और आपसी अपनत्व का भाव बढ़ाते हैं।
समिति अध्यक्ष एल.सी. जोशी ने बाहर से आए सभी सदस्यों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। आयोजन में अध्यक्ष एल.सी. जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश माली, हेमंत त्रिवेदी, के.सी. शर्मा और सी.एल. पूर्बिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।