राजीव गांधी सद्भावना दिवस पर पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शाहगंज (सोनभद्र), संवाददाता।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कम्प्यूटर युग के जनक स्व. राजीव गांधी की जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में बुधवार को क्षेत्र में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने राजकीय उच्च प्राथमिक चिकित्सालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और मां सुदेश्वरी मंदिर प्रांगण में फलदार आम व जामुन के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संतोष कुमार नागर, मोहम्मद सेराज हुसैन, राहुल सिंह पटेल, शिवपूजन विश्वकर्मा, सत्य प्रकाश मिश्रा, संजय तिवारी, अशोक कुमार शर्मा, कमला सिंह, मकबूल आलम और बच्चा खां समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि राजीव गांधी का सपना था कि भारत हर क्षेत्र में आधुनिकता की ओर बढ़े और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। पौधरोपण कर लोगों ने उनके योगदान को याद किया और समाज को हरित बनाने का संकल्प लिया।



