उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

इंदिरा गांधी भारत का स्वाभिमान थीं—कांग्रेस की गोष्ठी में गूंजा ‘आयरन लेडी’ का पराक्रम, कई लोगों ने थामी पार्टी की सदस्यता

फतेहपुर से बृजेन्द्र मौर्य की रिपोर्ट
सब तक एक्सप्रेस

फतेहपुर। कांग्रेस कार्यालय ज्वालागंज में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि व विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कांग्रेसजनों ने ‘आयरन लेडी’ के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, दूरदृष्टि, निर्णायक नेतृत्व और राष्ट्रनिष्ठा को नमन किया।

जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि “इंदिरा गांधी भारत का स्वाभिमान और अभिमान थीं। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की आवाज बुलंद की और देश की अखंडता के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया।” उन्होंने इमरजेंसी के बाद जनमत स्वीकार कर सत्ता छोड़ने को इंदिरा जी की लोकतांत्रिक नैतिकता का सर्वोत्तम उदाहरण बताया। साथ ही कटाक्ष करते हुए कहा कि “आज के नेताओं को उनसे सीख लेनी चाहिए। देश जोड़ने की सोच रखने वालों की ही पहचान महान नेताओं में होती है।”

वरिष्ठ नेता कलीम उल्ला ने इंदिरा गांधी को राष्ट्रहित में सर्वस्व समर्पित करने वाली अद्वितीय नायिका बताया। वहीं प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे ने कहा कि आज लोकतंत्र पर बढ़ते हमलों को देखकर इंदिरा जी की आत्मा भी व्यथित होती होगी।

कई लोगों ने थामी कांग्रेस की सदस्यता

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों में राम प्रकाश बाजपेई, अंकित अवस्थी, संतोष कुमार मिश्रा, राजीव कुमार तिवारी, दिनेश सिंह, कंचन लाल सविता, जगत किशोर मिश्रा, सर्वेश शुक्ला सहित अन्य शामिल रहे।

गोष्ठी में कई वरिष्ठ कांग्रेसजन रहे मौजूद

गोष्ठी में मणि प्रकाश दुबे, हिदायत उल्ला खां, अनुराग नारायण मिश्र, सुदेश पांडेय, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, फजलुर्रहमान, नसीम अंसारी, शकीला बानो, मो. अकरम काले, वकील खान, हम्माद हुसैन आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी द्वारा दिखाए राष्ट्रनिर्माण के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

— सब तक एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!