
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बिगड़ती स्थिति और कर्मचारियों के भविष्य पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए कर्मचारी अब एकजुट होकर संघर्ष की राह पर उतर आए हैं। इसी क्रम में बुधवार को अवध डिपो में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया जाएगा।
सभा में अवध डिपो व कैसरबाग डिपो के पदाधिकारी, सदस्य, नियमित, संविदा व आउटसोर्स सभी कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन की जानकारी देते हुए कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों से परिवहन निगम को बचाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। अब अस्तित्व की लड़ाई के लिए सभी को एक मंच पर आने की जरूरत है।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में निगम तथा कर्मचारियों पर भारी संकट है। इसलिए मजबूती के साथ आंदोलन का स्वर उठना जरूरी हो गया है।
जनजागरण अभियान की शुरुआत आज से
प्रदेश अध्यक्ष जे.एन. तिवारी के नेतृत्व में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा पूरे प्रदेश में जनजागरण व मंडलीय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत जनजागरण की शुरुआत 10 दिसंबर को अवध डिपो से की जा रही है।
कर्मचारियों ने लखनऊ क्षेत्र के सभी साथियों से अपील की है कि वे बुधवार को दोपहर 1 बजे अवध डिपो में उपस्थित रहें। कर्मचारियों का कहना है कि यह लड़ाई परिवहन निगम के अस्तित्व और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है।
20 जनवरी को विधानसभा घेराव
कर्मचारियों ने घोषणा की है कि संघर्ष के अगले चरण में 20 जनवरी को विधानसभा घेराव किया जाएगा। इसमें परिवहन निगम की भागीदारी को अहम बताया गया है।
कर्मचारियों ने कहा —
“हर जोर जुर्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है!”



