उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

हर घर नल से जल योजना का निरीक्षण कराएं : उप मुख्यमंत्री

गौशालाओं में लगेंगे सीसीटीवी, सड़कों पर न दिखे निराश्रित गौवंश

विशेष संवाददाता : शैलेन्द्र यादव, सब तक एक्सप्रेस।

लखनऊ/बदायूं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बदायूं में विकास एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक विकासखंड की 10-10 ग्राम सभाओं में हर घर नल से जल योजना का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए, पाइप लाइन एक मीटर जमीन के नीचे जाए और सड़क खोदे जाने के बाद उसकी मरम्मत मानक के अनुसार हो।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद प्रदेश में अग्रणी स्थान पर आ सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और निराश्रित गौवंश सड़क पर न दिखें। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माणाधीन गौशालाओं का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।

बैठक में उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे, चयन और चिन्हांकन में विशेष सावधानी बरती जाए। प्रदेश में 3 करोड़ दीदीयों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने और 1 करोड़ को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्कूली यूनिफॉर्म, जूते-मोजे के वितरण की जानकारी लेते हुए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ड्रेस सिलाई के लिए प्रेरित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने धान खरीदी, खाद की उपलब्धता, ट्रांसफार्मर परिवर्तन व विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले को 37000 मेट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है और उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि चकमार्ग और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। अमृत सरोवरों को जगमग बनाने का भी निर्देश दिया। सीमांकन के मामलों में बताया गया कि 90 दिन से पुराना कोई मामला लंबित नहीं है।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा गया कि जनपद को झुग्गी-झोपड़ी मुक्त करना है और जिनको अभी पक्का घर नहीं मिला है उन्हें जल्द आवास उपलब्ध कराया जाएगा। विधवा एवं दिव्यांगजनों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि आकांक्षात्मक ब्लॉक योजना में अम्बियापुर ब्लॉक को द्वितीय पुरस्कार मिला है, जिसके तहत 1 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने टीम को सम्मानित किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए ताकि ग्राम चौपाल व बैठकों की सूचना साझा की जा सके। उन्होंने कहा कि फरियादी न्याय की उम्मीद से लखनऊ आते हैं, शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार अधिकारियों को हर स्तर पर सहयोग देती है। अधिकारी ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ काम करें, ताकि बदायूं विकास कार्यों में अग्रणी बने। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत और उत्तर प्रदेश विकसित होगा

कार्यक्रम में विधायकगण, जनप्रतिनिधि, डीएम अवनीश राय, एसएसपी बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राम दरबार स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!