हर्षोल्लास के साथ मनाई गई भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जन्म जयंती

राहुल शीतलानी,ब्यूरो चीफ उमरिया,सब तक एक्सप्रेस।
नौरोजाबाद (उमरिया)। उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर परिषद द्वारा स्थानीय बस स्टैंड परिसर में भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री ज्ञान सिंह तथा विशिष्ट अतिथि बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह रहे। दोनों अतिथियों ने स्व. अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ज्ञान सिंह ने अटल जी से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 में जब भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ, तब वे नौरोजाबाद से अपने चार साथियों के साथ उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि पार्टी गठन के दौरान स्व. अटल बिहारी वाजपेई ने उन्हें एक थैला प्रदान किया था, जिसे वे आज भी सहेजकर रखते हैं। उस समय पार्टी गठन से संबंधित समाचार पत्र भी आज तक उनके पास सुरक्षित है।

ज्ञान सिंह ने कहा कि वे अटल जी को बहुत करीब से जानते थे और 13 दिन एवं 13 माह की सरकार के दौरान सांसद के रूप में उनके साथ कार्य किया। अटल जी मृदुभाषी, मिलनसार और ईमानदार व्यक्तित्व के धनी थे। उनके कार्यकाल में प्रारंभ की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं आज भी धरातल पर सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान अटल जी के उन पुराने साथियों, जो अब इस दुनिया में नहीं रहे, उनके परिजनों को पूर्व सांसद ज्ञान सिंह द्वारा अटल जी का छायाचित्र एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा लगभग 29 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं करीब 6 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

विशिष्ट अतिथि विधायक शिवनारायण सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि उनके लिए यह गर्व का विषय है कि उनके पिता स्व. अटल बिहारी वाजपेई के निकट सहयोगी रहे हैं और वे अपने पिता में अटल जी की छवि देखते हैं।
मंचीय कार्यक्रम के उपरांत विधायक शिवनारायण सिंह द्वारा सिद्ध आश्रम में 14 करोड़ रुपये की लागत से बनी नल-जल योजना का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इस योजना के प्रारंभ होने से नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में सुगमता से पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के अंत में हितलाभ योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री ज्ञान सिंह, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह, जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, मिथलेश पयासी, मनीष सिंह, अशोक तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह, मुख्य नगर अधिकारी शिवकरण धुर्वे, इंजीनियर शिवराम हिटपाचे, नौरोजाबाद मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, कोहका मंडल अध्यक्ष शिवकुमार साहू, करकेली मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह सहित तीनों मंडलों के हजारों कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
सब तक एक्सप्रेस



