
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। मनरेगा बचाओ आंदोलन संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशभर में अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत कर दी है। इसके तहत शनिवार को सभी जिलों और शहरों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी वॉर रूम के प्रभारी संजय दीक्षित और स्टेट वॉर रूम के जोनल हेड राघवेन्द्र उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
रूद्र दमन सिंह बबलू ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) कांग्रेस शासनकाल की सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के करोड़ों गरीब परिवारों की जीवनरेखा है। यह योजना भूख, बेरोजगारी और पलायन के खिलाफ मजबूत सुरक्षा कवच है। मनरेगा ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, महिलाओं और भूमिहीन मजदूरों को सम्मान के साथ काम करने का अधिकार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद मनरेगा के स्वरूप में बदलाव कर इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
वहीं संजय दीक्षित ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति ने 27 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में सर्वसम्मति से “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम से राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा एक अधिकार आधारित कानून है, जो प्रत्येक ग्रामीण परिवार को रोजगार मांगने का कानूनी अधिकार देता है।
उन्होंने कहा कि कानून के तहत राज्य सरकार को 15 दिनों के भीतर रोजगार देना अनिवार्य है, अन्यथा बेरोजगारी भत्ता देना पड़ता है, लेकिन भाजपा सरकार इसे खत्म कर महज एक सामान्य योजना में बदलना चाहती है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
— सब तक एक्सप्रेस



