सीतापुर: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

विशेष संवाददाता: शैलेन्द्र यादव
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज विकास कार्यों के अनुश्रवण एवं सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित निगरानी करें और पोर्टल पर समय से शुद्ध डाटा अपलोड करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी स्वयं पोर्टल पर निगरानी रखें, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, छात्रवृत्ति योजनाएं, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग, पर्यटन, मत्स्य उत्पादन, पोषण अभियान, सेतु निर्माण, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, निर्माण कार्य एवं टेल फीडिंग सहित खराब रैंकिंग वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को प्रगति में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति से संबंधित सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने, निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग से जुड़े कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



