
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम एक विस्तृत ज्ञापन विधायक डॉ. नीरज बोरा (लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र) को सौंपा गया।
लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देश पर 8 जनवरी को आयोजित प्रदेश कार्य समिति की बैठक में पूरे प्रदेश के व्यापारियों से सुझाव और समस्याएं ली गई थीं। उन्हीं के आधार पर यह ज्ञापन तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि संगठन के आह्वान पर प्रदेश के सभी जनपदों में विधायकों के माध्यम से मुख्यमंत्री तक ज्ञापन पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में लखनऊ में भी विधायक डॉ. नीरज बोरा को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से गृहकर व जलकर के अनावश्यक नोटिस बंद करने, केवल वास्तविक उपभोग के आधार पर बिल जारी करने, जीएसटी विभाग द्वारा भेजे जा रहे बेवजह नोटिसों पर रोक लगाने, खाद्य विभाग की सैंपलिंग व छापेमारी पर पारदर्शी नियम बनाने, सर्राफा व्यापारियों को प्राथमिकता पर शस्त्र लाइसेंस देने, व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की नियमित बैठकें कराने, व्यापार एवं उद्योग बंधु की बैठकों को प्रभावी बनाने, भारतीय नव वर्ष (19 मार्च) के आयोजन में सहयोग, व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा व पेंशन योजना, आपदा में दुकान नष्ट होने पर तत्काल मुआवजा तथा ऑनलाइन कंपनियों पर नियंत्रण के लिए नई ई-कॉमर्स नीति बनाने जैसी मांगें रखी गईं।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और इन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर संगठन के लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, विनय अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री राजीव कक्कड़, महामंत्री अनुज गौतम, मुकेश कुमार नाग, मनीष अवस्थी, अनिल अग्रवाल और सोशल प्रभारी संजय निधि अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



