
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ/मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुर्रा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सौज के मजरा सेहा खुर्द में 19 जनवरी को कश्यप समाज के युवक की जिंदा जलाकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेचेलाल कश्यप (लगभग 40 वर्ष), पुत्र हजारीलाल कश्यप के रूप में हुई है, जो अपने खेत पर पानी लगाते समय इस जघन्य घटना का शिकार हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
इस मामले में समाजवादी पार्टी पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटनराम निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कश्यप-निषाद समाज के लोगों के खिलाफ लगातार गंभीर अपराध हो रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निषाद ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं और शासन-प्रशासन की सख्ती केवल दावों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
उन्होंने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और जमीन का पट्टा देने की मांग की। साथ ही इस हत्याकांड की सीडीआर के माध्यम से जांच कर निष्पक्ष विवेचना कराने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग शासन-प्रशासन से की।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी मैनपुरी के जिला महासचिव राजनारायण बाथम, पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महेंद्र कश्यप, अवधेश कश्यप प्रधान, मनीष कुमार कश्यप, मोहकम सिंह कश्यप, राजेंद्र कश्यप, देवेंद्र कश्यप, मंडल आर्मी के अध्यक्ष अनिरुद्ध विद्रोही, विनोद कठेरिया सहित अन्य लोग शामिल रहे।



