उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान शिविर का आयोजन

स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाने पर दिया गया जोर, सिविल जज राहुल रहे मुख्य अतिथि

सोनभद्र / राबर्ट्सगंज | रिपोर्ट: क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा-सोनभद्र के तत्वावधान में कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, राबर्ट्सगंज में विश्व स्तनपान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल जज (सी.डी.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र राहुल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, सोनभद्र के चेयरमैन ने की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे शिशु और मां दोनों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया।
शिविर में विशेषज्ञों ने माताओं को बच्चों को स्तनपान कराने की सही एवं वैज्ञानिक विधि की जानकारी दी। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए स्वास्थ्य परामर्श सत्र आयोजित किए गए, जिसमें स्तनपान से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा जच्चा-बच्चा के पोषण, संतुलित आहार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करना और शिशु को शुरुआती छह माह तक केवल मां का दूध देना उसके बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
आयोजकों ने कहा कि “स्तनपान – स्वस्थ शिशु, स्वस्थ माँ, स्वस्थ समाज, स्वस्थ राष्ट्र” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!