
सब तक एक्सप्रेस | फतेहपुर
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। जिले में 27 जनवरी से शुरू होने वाले निपुण विद्यालय आकलन (NVA) को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसको लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फतेहपुर में गुरुवार को मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डायट प्राचार्य श्रीमती आरती गुप्ता ने की।
बैठक में आकलन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने पर जोर दिया गया। सेवारत प्रशिक्षण प्रभारी श्री विनय कुमार मिश्र ने बताया कि कर्मयोगी पोर्टल पर बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश में उच्च स्थान प्राप्त किया है और एआरपी से निपुण आकलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
एसआरजी श्री जयचंद्र पाण्डे ने पीपीटी के माध्यम से बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। वहीं एसआरजी श्री राजेश त्रिपाठी ने ईसीसीई से जुड़ी जानकारी दी। एसआरजी श्री राधेश्याम दीक्षित ने जियो-फेंसिंग, ऑन-ड्यूटी शिक्षक की फोटो और छात्रों की रैंडम फोटो अपलोड जैसी तकनीकी सावधानियों के बारे में बताया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती त्रिपाठी ने साफ निर्देश दिए कि आकलन के दौरान विद्यालयों में बच्चों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि हर ब्लॉक में कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डायट प्राचार्य श्रीमती आरती गुप्ता ने कहा कि डीएलएड प्रशिक्षुओं पर किसी भी प्रकार का दबाव न डाला जाए। उन्होंने बच्चों के अभ्यास डेटा सुधारने और निपुण लक्ष्य ऐप से नियमित प्रैक्टिस कराने पर जोर दिया।
डीसी ट्रेनिंग श्री अशोक त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों और शिक्षकों से आकलन को सफल बनाने की अपील की। एलएलएफ प्रतिनिधि श्री रितेश सिंह ने रेमेडियल कार्य और डिजिटल वीडियो बुकलेट के महत्व को बताया।
बैठक में जनपद के सभी एआरपी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और एलएलएफ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक से यह स्पष्ट संदेश गया कि निपुण मिशन को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी सख्ती और समन्वय के साथ काम करेगा।



