
सब तक एक्सप्रेस।
अलीगढ़। रोटरी क्लब अलीगढ़ औरा द्वारा गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व हरी पुष्प पब्लिक स्कूल में अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामयी वातावरण में ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब की ओर से बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें स्कूल बैग वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट रो. अनुराग गुप्ता ने बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व और देश के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी तथा उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं क्लब सेक्रेटरी रो. स्वतंत्र प्रकाश ‘मिक्की’ ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल हेमा सिंह, रो. अंकित वार्ष्णेय एवं रो. कृष्ण कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल मैनेजर लव कुमार ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



