उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजदिल्लीदेशभक्तिबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

आकाशवाणी ओबरा से पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी की शानदार प्रस्तुति, बच्चों ने बिखेरा देशभक्ति का रंग

वरिष्ठ संवाददाता: राम अनुज धर द्विवेदी
सोनभद्र। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पल्हारी नगवां के छात्र-छात्राओं ने आकाशवाणी ओबरा से प्रसारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति, एकता और संस्कारों का सशक्त संदेश दिया। आदिवासी अंचल के इन होनहार बच्चों की प्रस्तुति ने श्रोताओं का मन मोह लिया और चारों ओर सराहना बटोरी।
यह कार्यक्रम ब्लॉक स्काउट मास्टर डॉ. बृजेश महादेव के कुशल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के लिए यह अवसर ऐतिहासिक रहा, जहां उन्होंने देशभक्ति गीतों, संवादों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की प्रभावशाली अभिव्यक्ति की।
कार्यक्रम में गायत्री, मंता, रूपा, अंजना, श्रवण, अभिमन्यु, अंजनी, संतोषी, हीरावती एवं इंद्रजीत ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति ने यह सिद्ध कर दिया कि दूरस्थ और विषम भौगोलिक क्षेत्रों के विद्यालयों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बना सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डॉ. बृजेश महादेव की “मुनई भैया” एवं उनके सहयोगियों के साथ कई वार्तालाप आकाशवाणी ओबरा से प्रसारित हो चुके हैं, जबकि बच्चों के साथ यह उनका दूसरा सफल प्रयास रहा। इसके अतिरिक्त उनका काव्यपाठ भी कई अवसरों पर रेडियो के माध्यम से श्रोताओं तक पहुंच चुका है।


जनपद सोनभद्र में नवाचारी शिक्षक के रूप में पहचान बना चुके डॉ. बृजेश महादेव शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में सतत सक्रिय रहकर विद्यार्थियों व समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. बृजेश कुमार सिंह महादेव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष (राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, सोनभद्र) ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्राभिनंदन संबोधन प्रस्तुत किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित किया।
कुल मिलाकर यह आयोजन विद्यालय, जनपद और पूरे आदिवासी अंचल के लिए गौरव का विषय बना, जिसने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि अवसर मिलने पर हर क्षेत्र के बच्चे अपनी चमक बिखेर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!