
सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र।
केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट जनसरोकार वाला नहीं, बल्कि पूरी तरह जन-संवेदनहीन बजट है, जिससे देश का आम नागरिक अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
संदीप मिश्र ने कहा कि इस बजट से गांव, गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और मध्यम वर्ग को किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है। महंगाई, बेरोजगारी और गिरती आय से जूझ रहे आम लोगों की उम्मीदों पर बजट ने पानी फेर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक बार फिर बड़े-बड़े दावों और जुमलों के सहारे बजट पेश किया है, लेकिन जमीनी हकीकत से इसका कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के पूर्व बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते थे कि जब रुपया गिरता है तो देश की प्रतिष्ठा गिरती है, लेकिन आज रुपये को मजबूत करने का कोई ठोस उपाय इस बजट में नजर नहीं आता। संदीप मिश्र ने आशंका जताई कि मौजूदा बजट के बाद रुपये की स्थिति और कमजोर हो सकती है और आने वाले समय में रुपया शतक पार कर सकता है।
मोर्चा संयोजक ने कहा कि यह बजट खोखले वादों का पुलिंदा है और आने वाले समय में यह भी एक बड़ा जुमला साबित होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता की समस्याओं को समझते हुए किसान, मजदूर, युवाओं और मध्यम वर्ग के हित में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
— सब तक एक्सप्रेस



