बिजनेस

बिलासपुर में 30 महिलाओं ने सीखा फास्ट फूड उद्यम का हुनर

यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण संपन्न
संस्थान के निदेशक ने प्रशिक्षुओं को बांटे प्रमाण पत्र

बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर की ओर से आयोजित फास्ट फूड उद्यमी का 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं बीपीएल परिवारों से जुड़ी 30 महिलाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को चाउमीन, बर्गर, फ्राइड राइस, भेलपुरी, आलू टिक्की, मैक्रोनी पानी पूरी सहित विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड बनाने की विधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा उन्हें स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र बांटे। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे फास्ट फूड स्टॉल लगाकर, विवाह-शादियों में कैटरिंग सेवा देकर, मोबाइल फूड वैन के माध्यम से अथवा अन्य तरीकों से स्वरोजगार अपनाकर अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकती हैं। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से संचालित किया जा रहा है। संस्थान जिले के बेरोजगार ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे अब तक अनेक युवाओं को लाभ मिला है। संस्थान की ओर से 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण युवाओं के लिए ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग खिलौना निर्माण, कंप्यूटर बेसिक और मोटर ड्राइविंग जैसे प्रशिक्षण नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर में 13 फरवरी से सॉफ्ट टॉय मेकिंग एवं 23 फरवरी से ड्राइविंग प्रशिक्षण का नया बैच प्रारंभ होने जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी शीघ्र पंजीकरण कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!