राष्ट्रीय

रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी केस: पांच आरोपियों की पुलिस हिरासत 23 फरवरी तक बढ़ी

मुंबई की विशेष अदालत ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों की पुलिस हिरासत 23 फरवरी तक बढ़ा दी है। पुलिस ने संयुक्त पूछताछ और धन स्रोत का पता लगाने के लिए हिरासत की मांग की थी। इस मामले में अब तक कुल 12 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें से सात हाल ही में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पकड़े गए थे। गोलीबारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के निर्देश पर हुई थी।

HighLights

  1. पांच आरोपियों की पुलिस हिरासत 23 फरवरी तक बढ़ाई गई।
  2. मामले में अब तक कुल 12 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
  3. गोलीबारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के निर्देश पर हुई।

मुंबई की एक विशेष अदालत ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के संबंध में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपितों की पुलिस हिरासत मंगलवार को 23 फरवरी तक बढ़ा दी।

पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की विशेष अदालत को बताया कि बाद में गिरफ्तार किए गए लोगों के साथ संयुक्त पूछताछ के लिए इनकी हिरासत अभी आवश्यक है। इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें रविवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पकड़े गए सात लोग शामिल हैं। इन सातों को 25 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पहले गिरफ्तार पांच आरोपितों आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल सकट और आसाराम फसाले को उनकी हिरासत अवधि की समाप्ति पर विशेष न्यायाधीश महेश जाधव के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने अदालत को बताया कि संयुक्त पूछताछ के साथ ही धन के स्त्रोत का पता लगाने और अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाने के लिए उनकी हिरासत की आवश्यकता है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि जांच एजेंसी को उनसे पूछताछ करने के लिए पर्याप्त समय मिला था। अदालत ने दलीलें सुनने के बाद पांचों आरोपितों की हिरासत 23 फरवरी तक बढ़ा दी।

एक फरवरी को रात 12.45 बजे जुहू इलाके में शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। रविवार को गिरफ्तार कथित निशानेबाजों में दीपक शर्मा शामिल था।

पुलिस के अनुसार, लारेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के निर्देश पर गोलीबारी की गई थी। उनका इरादा फिल्म निर्माता को चोट पहुंचाना और भय का माहौल कायम करना था। लोनकर इस मामले में वांछित आरोपित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!