ममता बनर्जी के धरना मंच के सामने पैरा शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, सीएम हो गईं नाराज; पुलिस ने हटाया

एसआइआर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के खिलाफ शुक्रवार को कोलकाता के धर्मतला में शुरू मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरना प्रदर्शन के दौरान उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब मंच के सामने कुछ पैरा शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
HighLights
- वेतन बढ़ाने व स्थायीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर पैरा शिक्षकों के प्रदर्शन से नाराज हुईं ममता
- प्रदर्शनकारी शिक्षकों से पीएम मोदी और अमित शाह के सामने प्रदर्शन करने को कहा
एसआइआर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के खिलाफ शुक्रवार को कोलकाता के धर्मतला में शुरू मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरना प्रदर्शन के दौरान उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब मंच के सामने कुछ पैरा शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
हाथों में प्ले कार्ड लिए पैरा शिक्षकों ने वेतन बढ़ाने व स्थायीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारी शिक्षकों को तुरंत वहां से हटा दिया और हिरासत में लेकर पुलिस वैन में उठाकर ले गई। पैरा शिक्षकों के इस विरोध प्रदर्शन से नाराज मुख्यमंत्री ने धरना मंच से कहा कि यहां राजनीति मत करो।
उन्होंने प्रदर्शनकारी शिक्षकों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सामने प्रदर्शन करने को कहा। ममता ने आरोप लगाया कि इस विरोध प्रदर्शन के पीछे भाजपा का हाथ है।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा- भाजपा के कहने पर यह सब न करें। यह न सोचें कि यह जगह खुली है तो कुछ भी किया जा सकता है। प्ले कार्ड प्रधानमंत्री मोदी, शाह को दिखाएं। वेनिश कुमार (मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार) को दिखाएं।
ममता ने यह भी कहा कि यह धरना मंच सिर्फ एसआइआर के लिए है। यह किसी और दावी वाली जगह नहीं है। अन्य किसी विषय के लिए प्रतिवाद करना है तो दूसरी जगह पर जाएं। ममता ने पुलिस से कहा कि उन्हें दूसरी जगह बैठाओ। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।



