एक महीने में 51 लाख करोड़ साफ, बड़े-बड़े शेयर टूटे, लेकिन इस सरकारी कंपनी के स्टॉक को नहीं हुआ एक पैसे का लॉस

ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई, जिससे 51 लाख करोड़ रुपये का बाजार पूंजीकरण साफ हो गया। निफ्टी भी 11% से अधिक टूटा। हालांकि, इस दौरान सरकारी कंपनी पावर ग्रिड के शेयरों ने मजबूती दिखाई।
ईरान और अमेरिका (Iran-US War) के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से भारतीय शेयर बाजार (Share Market Crash) लगातार गिरा है। इस दौरान बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 11 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है। 23 फरवरी को बीएसई पर लिस्टेड शेयरों का ज्वाइंट मार्केट कैप 467 लाख करोड़ था और 23 मार्च को यह 416 लाख करोड़ रह गया है। ऐसे में कुल 51 लाख करोड़ बाजार पूंजीकरण साफ हो गया है। लेकिन, आपको जानकार हैरानी होगी कि एक सरकारी कंपनी के शेयर पर इस गिरावट का ज्यादा असर नहीं हुआ है। फरवरी में पावर ग्रिड के शेयर 298 रुपये पर क्लोज हुए थे और अब 302 रुपये के ऊपर ही ट्रेड कर रहे हैं।
दरअसल, पावर ग्रिड के शेयरों (Power Grid Shares) में वीकली और मंथली बेसिस पर कोई गिरावट नहीं देखी गई है। खास बात है कि पावर ग्रिड, निफ्टी50 के शेयरों में शामिल स्टॉक है और इस सरकारी कंपनी का मार्केट कैप 2 लाख 80 हजार करोड़ से ज्यादा है।
290 से 310 की रेंज में कारोबार
पिछले एक महीने से पावर ग्रिड के शेयर 290 से 310 रुपये की रेंज में कारोबार कर रहे हैं। मार्केट में कमजोरी आने के बाद इस कंपनी के शेयरों में हल्की गिरावट जरूर आई लेकिन वीकली और मंथली बेसिस पर अब भी यह शेयर मजबूती दिखा रहे हैं, जबकि निफ्टी दोनों ही टाइम फ्रेम पर काफी गिर चुका है। 23 मार्च को भी पावरग्रिड के शेयर कमजोर बाजार में डेढ़ फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। पावर ग्रिड के शेयरों में खरीदारी को लेकर जागरण बिजनेस ने दो मार्केट एक्सपर्ट से बात की।
चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के सचिन गुप्ता ने कहा कि पावरग्रिड के शेयर मौजूदा सूरते हाल में काफी आकर्षक लग रहे हैं। इस शेयर के लिए 312 रुपये का स्तर अहम रेजिस्टेंस है, इसके ब्रेक होने पर शेयर में और तेजी देखने को मिल सकते हैं। वहीं, नीचे की ओर 290 रुपये एक अहम सपोर्ट है, जहां स्टॉपलॉस के साथ अपनी पॉजिशन बरकरार रखी जा सकती है।
उधर, आनंद राठी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज के जिगर एस पटेल ने बताया कि पावर ग्रिड के शेयरों के लिए 311 रुपये का स्तर अहम है और इसके टूटने पर 321 रुपये के टारगेट देखने को मिल सकते हैं, जबकि नीचे की ओर 290 रुपये का लेवल बड़ा सपोर्ट है। बता दें कि पावर ग्रिड के शेयरों का 52 वीक हाई 322 रुपये है जो इस शेयर ने पिछले साल 21 अप्रैल को लगाया था, और अब यह स्टॉक उसके आसपास ही कारोबार कर रहा है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट और एक्सपर्ट की राय पर आधारित है, यह किसी भी तरह से निवेश की सलाह नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)



