तेज रफ्तार का कहर: ट्रक की टक्कर से दो वनकर्मियों की दर्दनाक मौत
एनएच-43 पर देर रात हादसा, बाइक सवार युवकों को रौंदकर फरार हुआ ट्रक चालक

राहुल शीतलानी/ब्यूरो चीफ।
उमरिया। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो वनकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कटनी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जा रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार दोनों युवक ट्रक के नीचे आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक दोनों युवक वन विकास निगम के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो जंगलों की सुरक्षा और निगरानी का कार्य करते थे। घटना की सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।



