उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजधार्मिकनवरात्रिबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

राम नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा राबर्ट्सगंज

आकर्षक झांकियों, करतब और भक्ति गीतों के बीच हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

ब्यूरो रिपोर्ट, सब तक एक्सप्रेस:
सोनभद्र। श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर राबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय में शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत विजयगढ़ वाटिका के सामने स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु सफेद कुर्ता-पायजामा और सिर पर केशरिया साफा पहने हुए थे। एक हाथ में भगवा ध्वज और दूसरे में पारंपरिक शस्त्र लेकर लोग जोश के साथ चल रहे थे। वीरांगनाओं ने लाठी, त्रिशूल और कटार के साथ आकर्षक प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया, वहीं युवाओं ने विभिन्न करतब दिखाकर यात्रा की शोभा बढ़ाई।
यात्रा में देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं। फूलों से सजे रथ पर विराजमान भगवान श्रीराम की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रथ को रोककर आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया।


सुबह से ही नगर में भगवा ध्वज लगाने का कार्य चलता रहा। दोपहर बाद विभिन्न वार्डों से लोग गाजे-बाजे के साथ मंदिर पहुंचे, जहां से शाम करीब सवा चार बजे शोभायात्रा प्रारंभ हुई। यह यात्रा मेन चौक, चंडी तिराहा, धर्मशाला चौक और महिला थाना होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी।


शोभायात्रा में भारत माता, राम-सीता, भगवान शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण और काली माता की भव्य झांकियां शामिल रहीं। डीजे पर बज रहे भक्ति और शौर्य गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया और कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए एलआईयू भी सक्रिय रही। सीओ रणधीर मिश्रा, कोतवाल राम स्वरूप वर्मा सहित भारी पुलिस बल शोभायात्रा के साथ मौजूद रहा।
इस दौरान राज्य मंत्री संजीव गौड़, विधायक भूपेश चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर के साथ-साथ जिले के अन्य क्षेत्रों में भी श्रीराम नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!