
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य ।
फतेहपुर जिले में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। “जय श्री राम” के उद्घोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती इस शोभायात्रा में कई हिंदू संगठनों के लोग शामिल हुए और ध्वजा यात्रा निकालकर आस्था का प्रदर्शन किया।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शोभायात्रा के दौरान रूट डायवर्जन लागू किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

विशेष समुदाय वाले क्षेत्रों से गुजरने वाली शोभायात्रा पर प्रशासन की खास नजर रही। ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई और अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा संपन्न होती रही। वहीं, कार्यक्रम के दौरान बड़े नेताओं की अनुपस्थिति को लेकर लोगों के बीच चर्चाएं भी होती रहीं। कई लोग यह कहते नजर आए कि नेता केवल चुनाव के समय ही सक्रिय दिखाई देते हैं, जबकि धार्मिक आयोजनों में उनकी मौजूदगी कम देखने को मिलती है।



