फतेहपुर में साइबर ठगों पर बड़ा प्रहार, फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़
6 आरोपी गिरफ्तार, देशभर में फैले ठगी नेटवर्क का खुलासा, मास्टरमाइंड अभी फरार

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज मोहल्ले में एक किराए के मकान में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ। यहां से आरोपियों द्वारा मैट्रिमोनियल वेबसाइट के नाम पर लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य यदु, अनिल कुमार, दिनेश कुमार बंजारे, नीलम, तनु शर्मा और श्रेया मिश्रा शामिल हैं। इनके पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कंप्यूटर बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी “यूनिक रिश्ते डॉट कॉम” नाम की वेबसाइट के जरिए शादी के इच्छुक लोगों का डाटा हासिल करते थे। इसके बाद कॉल कर 2999 रुपये से लेकर 29999 रुपये तक के पैकेज ऑफर करते और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसा अपने खातों में ट्रांसफर कराते थे।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी फोटो भेजते थे और बातचीत भी कराते थे। पैसा मिलने के बाद संपर्क तोड़ दिया जाता था। यह गिरोह पिछले करीब 18 महीनों से सक्रिय था।
जांच में यह भी सामने आया कि आगरा निवासी अमित कुमार इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जो फर्जी फोटो और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था। सिम कार्ड कानपुर के जरिए मंगवाए जाते थे और ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ एनआरपी पोर्टल पर देश के कई राज्यों—छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात—से कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई के लिए एसपी ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी अपराध प्रगति यादव ने किया, जबकि टीम में साइबर थाना प्रभारी मो. कमर खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।



