फतेहपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश सचिव बनने पर जगनायक यादव का भव्य स्वागत
2027 विधानसभा चुनाव में सभी सीटें जीतने का दावा, कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता

संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य।
समाजवादी पार्टी के नवमनोनीत प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगनायक सिंह यादव का शनिवार को शादीपुर स्थित पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर जीत दर्ज कराने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक सीटें जीतकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना उनका लक्ष्य है।
अपने स्वागत से अभिभूत जगनायक सिंह यादव ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि चुनाव से कुछ समय पहले ही उन्हें यह पद मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि अब तक दो सीटों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इस बार सभी सीटों पर जीत हासिल की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच उनका स्वागत किया, जिसके बाद कार्यक्रम बैठक में बदल गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जगनायक सिंह यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाया जाएगा। उन्होंने जनपद में पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिलेगी, जिसका लाभ आगामी चुनाव में मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।



