
वाराणसी, सब तक एक्सप्रेस।
परफेक्ट मिशन के 12वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष एवं लायंस आई बैंक के सचिव डॉ. अनुराग टंडन को ‘काशी गौरव’ और ‘काशी कीर्ति’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवा भावना, नेत्रदान को बढ़ावा देने और रिकॉर्ड स्तर पर निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में किया गया, जहां विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने डॉ. टंडन को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. टंडन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्रदान जैसे पुण्य कार्यों के प्रति जागरूकता फैलाना और गरीब मरीजों के लिए निशुल्क इलाज उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है।
डॉ. अनुराग टंडन ने पंजाबी अस्पताल में रहते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए लगातार सेवा कार्य किए हैं। विशेष रूप से नेत्रदान महादान अभियान और बड़े स्तर पर मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन कराकर उन्होंने हजारों लोगों की जिंदगी में रोशनी लाई है।
इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।



