
ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय
जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेता संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण व्यापारी, किसान, मजदूर और आम उपभोक्ता सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह मीटर लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रहा है।
संदीप मिश्र ने कहा कि जहां एक ओर केंद्रीय बिजली मंत्री द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सहमति से लगाने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग बिना सहमति के ही मीटर लगा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं और जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रख रहे।
उन्होंने बताया कि हाल ही में चतरा ब्लॉक के डुबटिया गांव में जनचौपाल के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जहां गरीब परिवारों के घरों में केवल 4-5 सीएफएल बल्ब जलने के बावजूद 2 से 3 लाख रुपये तक के बिजली बिल भेजे गए। इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की।
संदीप मिश्र ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
कार्यक्रम में आकाश चौहान, सतउधन बिंद, नगेंद्र धागर, प्रमोद धागर, लाल बिहारी गोंड, सत्यम पाण्डेय, सत्यम तिवारी, विजय चौहान, दिनेश चेरो, अनिल उरांव, कृष्णानंद गोंड सहित मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



