एक लाख का इनामिया खागा रेप कांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार
ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

फतेहपुर | संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
खागा रेप कांड का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामिया बदमाश बबलू सिंह बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ थाना खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार थाना खागा, हथगांव, थरियांव और एसओजी की संयुक्त टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना बबलू सिंह से हो गया। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू सिंह पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह निवासी गढ़ी कस्बा थाना खागा, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा 1600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया गया कि आरोपी थाना खागा में दर्ज मुकदमा संख्या 115/26 में वांछित था। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन द्वारा उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना खागा में पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



