शादीशुदा युवती की गला दबाकर हत्या, प्रेमी फरार
तीसरे युवक से बातचीत को लेकर विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

फतेहपुर | संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
गाजीपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में एक शादीशुदा युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवती का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से युवती का प्रेमी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका का अपने पति से संबंध टूट चुका था और वह पिछले कुछ समय से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी युवती को शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। बाद में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक युवती की किसी तीसरे व्यक्ति से फोन पर बातचीत होती थी, जिसकी जानकारी प्रेमी को हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में युवती की गला दबाकर हत्या की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद बहादुरपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।



