सोन नदी में तीन लोगों के डूबने की सूचना से मचा हड़कंप, तलाश में जुटी एनडीआरएफ
नदी किनारे पसरा मातम, प्रशासन की निगरानी में जारी बचाव अभियान

सोन नदी में तीन लोगों के डूबने की सूचना से मचा हड़कंप, तलाश में जुटी एनडीआरएफ
नदी किनारे पसरा मातम, प्रशासन की निगरानी में जारी बचाव अभियान
सोनभद्र। रिपोर्ट : क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस।
जनपद सोनभद्र में बुधवार को सोन नदी में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों के डूबने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चोपन थाना क्षेत्र में दो किशोरों तथा जुगैल थाना क्षेत्र में एक बच्चे के नदी में लापता होने की खबर के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और नदी तट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपन क्षेत्र में दो किशोर सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जबकि जुगैल थाना क्षेत्र में एक बच्चे के नदी में डूबने की सूचना मिली है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
लापता लोगों की खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशिक्षित गोताखोर नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई बचाव कार्य में चुनौती पैदा कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को भी मौके पर लगाया गया है। पुलिसकर्मी नदी किनारे मौजूद लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, ताकि राहत एवं बचाव कार्य सुचारु रूप से जारी रह सके।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम वागीश शुक्ला, एएसपी अनिल कुमार, एसडीएम विवेक सिंह, सीओ रणधीर मिश्रा तथा हर्ष पाण्डेय मौके पर पहुंच गए। अधिकारी लगातार बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध खनन और नदी के प्राकृतिक स्वरूप में हो रहे बदलावों की भी गंभीर जांच होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिए जाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।



