एसपी अभिषेक वर्मा ने थाना शक्तिनगर का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
महिला हेल्प डेस्क, साइबर डेस्क, मालखाना, बैरक और थाना व्यवस्थाओं का लिया जायजा, ग्राम प्रहरियों को साफा, टॉर्च और सीटी वितरित की

सोनभद्र। ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना शक्तिनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सलामी गार्द ने सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, अपराध रजिस्टर, मालखाना, सीसीटीएनएस प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, थाना परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने और कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का भी जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना मेस और बैरक का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पुलिस कर्मियों की आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत कर उनकी कार्यशैली और अनुशासन की समीक्षा की तथा जनता के साथ शालीन व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की सीख दी।

इसके अलावा 60 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के बेहतर उपयोग, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्यायालय संबंधी कार्यों का समय पर पालन सुनिश्चित करने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी ने ग्राम प्रहरियों को साफा, टॉर्च और सीटी वितरित की। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना शक्तिनगर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।



