बिरसिंहपुर पाली में खुलेआम शराब की कथित पाइकारी, बोरी में भरकर दोपहिया वाहन से ले जाई जा रही शराब
दिनदहाड़े शराब परिवहन का वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर स्थानीय लोगों ने उठाए प्रश्न

उमरिया | राहुल शीतलानी, ब्यूरो चीफ | सब तक एक्सप्रेस
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से कथित रूप से खुलेआम शराब की पाइकारी किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान से बोरी में शराब भरकर दोपहिया वाहनों के माध्यम से अन्य स्थानों पर ले जाया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंग्रेजी शराब दुकान के भीतर से बोरी में शराब की बोतलें या पेटियां भरकर सीधे दोपहिया वाहन पर रखी जाती हैं और फिर उन्हें विभिन्न स्थानों की ओर ले जाया जाता है। लोगों का कहना है कि यह सब दिनदहाड़े खुलेआम हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शराब का परिवहन और बिक्री नियमानुसार की जा रही है, तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। वहीं यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो आबकारी विभाग को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल, वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें आबकारी विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि जांच के बाद क्या कदम उठाए जाते हैं।
(नोट: शराब की कथित पाइकारी और नियमों के उल्लंघन के आरोप स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित हैं। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।)



