भरौला हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई आर्टिका, दो महिलाओं समेत पांच की मौत
कई घायल, पुलिस ने शुरू की जांच; क्षतिग्रस्त वाहन से निकालने में करनी पड़ी मशक्कत

उमरिया। ब्यूरो रिपोर्ट: राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस।
उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भरौला गांव के पास सिद्ध बाबा मंदिर के समीप बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आर्टिका कार हाईवे पर एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस तथा एम्बुलेंस की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, लापरवाही अथवा तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद आर्टिका कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में मृतकों और घायलों के परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान एवं परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।



