बबुरी में 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, पिता ने भाई, भाभी और पिता पर लगाया हत्या का आरोप
आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार, पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

चंदौली। ब्यूरो रिपोर्ट, सब तक एक्सप्रेस।
चंदौली जनपद के बबुरी कस्बे में 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घर के अंदर साड़ी के फंदे से छात्रा का शव मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के पिता ने अपने सगे भाई, भाभी और पिता पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए तीनों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वह अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
जानकारी के अनुसार, बबुरी कस्बा निवासी गौतम पटवा की 14 वर्षीय पुत्री जाह्नवी, जो कक्षा 11 की छात्रा थी, का शव बुधवार रात घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।
मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने सगे भाई, भाभी और पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, जाह्नवी दो बहनों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन वैष्णवी अपनी बुआ के साथ रहती है, जबकि जाह्नवी अपने माता-पिता के साथ रह रही थी।
थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे ने बताया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



