झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, राज्य में शोक की लहर
बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले – "आज मैं शून्य हो गया हूं"

सब तक एक्सप्रेस ब्यूरो | रांची / दिल्ली
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और उन्हें इलाज के लिए 19 जून 2025 को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके पुत्र और झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर पिता के निधन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा –
“आज मैं शून्य हो गया हूं… दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए।”
शिबू सोरेन को झारखंड की राजनीति में ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था। वे आदिवासी अधिकारों के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उनका जीवन झारखंड को राज्य का दर्जा दिलाने की लड़ाई में समर्पित रहा।
श्रद्धांजलियों का तांता
शिबू सोरेन के निधन की खबर फैलते ही पूरे झारखंड और देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और आम जनता से जुड़े लोग सोशल मीडिया और बयानों के माध्यम से अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
झारखंड के विकास में रहा बड़ा योगदान
- शिबू सोरेन तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे।
- उन्होंने आदिवासियों, मजदूरों और गरीब तबके के लोगों के हक की लड़ाई लड़ी।
- लंबे समय तक वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख रहे और पार्टी को एक जन आंदोलन का रूप दिया।
अंतिम संस्कार की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सब तक एक्सप्रेस की ओर से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि।