मनोरंजन

'बंटवारा 1947' की रिलीज से पहले बढ़ी टेंशन, 'आवारापन 2' ने एडवांस बुकिंग में बनाई बड़ी बढ़त

मुंबई, महाराष्ट्र

बॉलीवुड में 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। रिलीज से पहले दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़ों में इमरान हाशमी की फिल्म आगे निकलती दिखाई दे रही है।

सोमवार देर रात दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग खोली गई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन के लिए देशभर में ‘आवारापन 2’ ने करीब 8.7 लाख रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं, ‘बंटवारा 1947’ की एडवांस बुकिंग करीब 2.74 लाख रुपये रही।

यानी रिलीज से पहले की इस रेस में ‘आवारापन 2’ ने काफी बड़ी बढ़त बना ली है। ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर भी दोनों फिल्मों के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 294 हजार लोगों ने ‘आवारापन 2’ में रुचि दिखाई है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ के लिए करीब 131 हजार लोग Interested हैं।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि रिलीज से पहले इमरान हाशमी की फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता ज्यादा है। हालांकि, एडवांस बुकिंग और Interest के आंकड़ों को फिल्म की सफलता का अंतिम पैमाना नहीं माना जा सकता।

19 साल बाद लौट रही ‘आवारापन’

इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ साल 2007 में रिलीज हुई थी। उस समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। हालांकि, बाद में इसके गाने और कहानी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए। टेलीविजन पर बार-बार प्रसारित होने के बाद फिल्म को एक अलग दर्शक वर्ग मिला और धीरे-धीरे इसे कल्ट फिल्म के तौर पर पहचान मिलने लगी।

अब करीब 19 साल बाद ‘आवारापन 2’ के साथ इमरान हाशमी की वापसी ने पुराने प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म के पहले भाग से जुड़ी यादें और इसके संगीत की लोकप्रियता दूसरे भाग के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

सनी देओल की फिल्म भी चर्चा में

दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल की मौजूदगी इसे बॉक्स ऑफिस पर मजबूत दावेदार बनाती है। सनी देओल की फिल्मों को लेकर दर्शकों में खास क्रेज देखने को मिलता रहा है। ऐसे में रिलीज के बाद फिल्म को अच्छी शुरुआत मिलने की उम्मीद की जा रही है।

14 अगस्त को दोनों फिल्मों की एक साथ रिलीज होने से स्क्रीन और दर्शकों का बंटवारा भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में दोनों फिल्मों के लिए शुरुआती वीकेंड बेहद महत्वपूर्ण होगा।

फिलहाल रिलीज से पहले के आंकड़ों में ‘आवारापन 2’ आगे है। लेकिन बॉक्स ऑफिस का असली फैसला सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया, शो की संख्या और फिल्म की कमाई से होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इमरान हाशमी की फिल्म अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार रख पाती है या सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ रिलीज के बाद मुकाबला पलट देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!