रक्षासूत्र की सौगंध, सोनभद्र को प्रदूषण मुक्त करने तक नहीं रुकेगा ‘पेड़ हैं तो प्राण हैं’ अभियान: संदीप मिश्र
किसान निर्मल इंटर कॉलेज में बहनों ने संदीप मिश्र को रक्षासूत्र बांधकर जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की सुरक्षा का दिलाया संकल्प

रिपोर्ट: क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस, सोनभद्र
सोनभद्र। नगवां ब्लॉक के खलियारी स्थित किसान निर्मल इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की बहनों ने किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र को रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा के साथ-साथ सोनभद्र के जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय परिवार की शिक्षिका सिंधु प्रजापति ने कहा कि बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर संदीप मिश्र से अपनी सुरक्षा के साथ सोनभद्र के पर्यावरण को सुरक्षित रखने और जिले को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया है।
वहीं किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि वह कोई वादा नहीं करते, बल्कि सभी बहनों के रक्षासूत्र की सौगंध खाकर दावा करते हैं कि जब तक सोनभद्र प्रदूषण मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ‘पेड़ हैं तो प्राण हैं’ अभियान निरंतर चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा पूरी तरह कृत संकल्पित है और आने वाले समय में यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
संदीप मिश्र ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पेड़, पानी, पहाड़, नदी, झील और झरनों का संरक्षण एवं सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण संविधान में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों में भी शामिल है।
कार्यक्रम में सैकड़ों बहनों ने संदीप मिश्र को राखी और रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक निर्मल यादव, कमलेश, सिंधु, सुमन, आकाश चौहान, अरविंद चौहान, रोहित यादव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और सैकड़ों बहनें मौजूद रहीं।



