राष्ट्रीय

नोटबंदी के 10 साल बाद भी नकदी का दबदबा कायम: कैश का मोह नहीं छोड़ पा रहे भारतीय, प्रचलन में रिकॉर्ड मुद्रा

नोटबंदी के 10 साल बाद भी भारतीयों को नकदी से मोह, चलन में कैश 143 प्रतिशत बढ़ा

नई दिल्ली, भारत: देश में डिजिटल भुगतान का चलन तेजी से बढ़ रहा है। चाय की दुकान से लेकर बड़े शोरूम तक यूपीआई के जरिए लेनदेन हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद भारतीयों की नकदी पर निर्भरता कम नहीं हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के सर्वेक्षण से पता चला है कि लोग आज भी नकदी रखना और उसका इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। नोटबंदी के करीब 10 साल बाद भी बाजार में नकदी की मांग लगातार बनी हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर 2016 को देश में चलन में मौजूद नकदी का मूल्य 17.77 लाख करोड़ रुपये था। यह राशि 23 अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 43.16 लाख करोड़ रुपये हो गई। यानी इस अवधि में नकदी के मूल्य में लगभग 143 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मार्च 2026 तक 41.24 लाख करोड़ रुपये के नोट चलन में

आरबीआई की मई 2026 में जारी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 के अंत तक बाजार में मौजूद बैंक नोटों का कुल मूल्य करीब 41.24 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक नोटों के मूल्य में 11.9 प्रतिशत और संख्या में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

यूपीआई से भी रिकॉर्ड लेनदेन

डिजिटल भुगतान के मामले में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अक्टूबर 2026 में यूपीआई के जरिए 25.46 अरब लेनदेन हुए, जिनका कुल मूल्य 31.53 लाख करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2016-17 में यूपीआई के माध्यम से केवल 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे।

नकदी की जरूरत क्यों बनी हुई है?

आरबीआई के 2023 के शोध पत्र के अनुसार, लोग नकदी का इस्तेमाल केवल खरीदारी के लिए नहीं करते, बल्कि आपातकालीन जरूरतों और भविष्य के खर्चों के लिए भी पैसा अपने पास रखते हैं। इंटरनेट की कमी और तकनीकी समस्याओं के कारण भी नकदी की उपयोगिता बनी हुई है।

31 मार्च 2026 तक चलन में मौजूद कुल बैंक नोटों के मूल्य में 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 85.5 प्रतिशत थी। इससे साफ है कि डिजिटल भुगतान बढ़ने के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में नकदी की महत्वपूर्ण भूमिका बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button