राष्ट्रीय

दीपथून दीपम विवाद पर SC सख्त, तमिलनाडु के मुख्य सचिव और DGP समेत 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस

दीपथून दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के मुख्य सचिव और डीजीपी समेत 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस

नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै में स्थित पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर पारंपरिक दीप जलाने के अदालती आदेश का पालन नहीं किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत 15 सरकारी और मंदिर अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है।

अधिकारियों की भूमिका पर सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने पूरे घटनाक्रम पर गंभीर टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि जिस प्रकार घटनाएं सामने आई हैं, उनसे संकेत मिलता है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया है।

पीठ ने कहा कि न्यायालय की गरिमा और न्याय प्रशासन की पवित्रता बनाए रखने के लिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है।

मुख्य सचिव से मांगा कॉल और संदेशों का रिकॉर्ड

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम साई कुमार को हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। अदालत ने दीप जलाने की निर्धारित तिथि से पहले संबंधित अधिकारियों के बीच हुए संवाद का विस्तृत ब्योरा मांगा है।

इसमें ईमेल, टेलीफोन कॉल, संदेश और कॉल डिटेल रिकॉर्ड शामिल हैं। इसके अलावा मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत के समक्ष पेश होने का भी निर्देश दिया गया है।

कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी नोटिस

मुख्य सचिव के अलावा हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव वी राजारमन, विभाग के आयुक्त टीजी विनय और मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा को भी अवमानना नोटिस जारी किया गया है। मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों और ट्रस्टियों को भी नोटिस भेजे गए हैं।

क्या है दीपथून दीपम विवाद?

पूरा विवाद मदुरै की पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाने से जुड़ा है। अदालत के आदेश के बावजूद निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाए जाने के बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। अब शीर्ष अदालत अधिकारियों की भूमिका और आदेश का पालन नहीं किए जाने के कारणों की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button