उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजदिल्लीबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

धूमधाम से संपन्न हुआ 341 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम

राज्यमंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने वर–वधुओं को दिया आशीर्वाद

सब तक एक्सप्रेस।

लखनऊ। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय परिसर में 341 जोड़ों का सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (समाज कल्याण) संजीव कुमार गोंड रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।

राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक विवाह की सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कन्या के खाते में 60 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जबकि 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री विवाह के अवसर पर प्रदान की जाती है। यह योजना प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उपहार सामग्री का वितरण

कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को चांदी की पायल व बिछिया, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, बर्तन, ट्रॉली बैग एवं बेडिंग सहित गुणवत्तापूर्ण घरेलू सामग्री वितरित की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

सामूहिक विवाह समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें राधा–कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। विवाह स्थल पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

एक ही मंच पर विवाह और निकाह

कार्यक्रम में विकास खंड बक्शी का तालाब, माल, काकोरी, गोसाईगंज, चिनहट, सरोजनी नगर सहित नगर निगम एवं विभिन्न नगर पंचायतों के जोड़े शामिल हुए। कुल 341 जोड़ों में से 335 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया, जबकि 5 अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़ों का निकाह मौलवी की उपस्थिति में कराया गया।

विधायकों व अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक मलिहाबाद जय देवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गरीब और वंचित वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी जरूरत में सरकार सदैव सहयोग के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में विधायक जीत सिंह खरवार, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग, ब्लॉक प्रमुख बक्शी का तालाब, सरोजनी नगर विधायक के प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी सहित समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सब तक एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!