
फतेहपुर।
संवाददाता : ब्रिजेन्द्र मौर्य, सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर जिले के कोटेदारों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कोटेदारों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों ने कहा कि वर्तमान कमीशन में उचित तरीके से राशन वितरण करना संभव नहीं है। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई और संचालन खर्च को देखते हुए मौजूदा कमीशन पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि या तो कमीशन में बढ़ोतरी की जाए या प्रत्येक कोटेदार को ₹20 हजार प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।
कोटेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे राशन वितरण का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने 28 जुलाई को विधानसभा का घेराव कर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करने का ऐलान भी किया।
प्रदर्शन के बाद कोटेदारों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा और सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की।



