
क्षितिश चतुर्वेदी /सब तक एक्सप्रेस।
घोरावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा गोबरिया में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र के लोकप्रिय नेता जय प्रकाश पाण्डेय उर्फ चेखुर पाण्डेय मुख्य रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जय प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान ही देश की असली ताकत और आम जनता की सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान “जय भीम” और “जय भारत” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।



