उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

खागा कांड पर भड़कीं हेमलता पटेल, त्वरित न्याय की मांग

गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई न होने पर वृहद आंदोलन की दी चेतावनी

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में हुए जघन्य सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।
हेमलता पटेल ने अपने सोशल मीडिया माध्यमों से जारी बयान में कहा कि खागा में हुई यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और ऐसी दरिंदगी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए जो समाज के लिए नजीर बने।
उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला तो संगठन की महिलाएं सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
खागा की इस घटना को लेकर जिले में लगातार राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ रही है तथा प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव लगातार बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!