
सोनभद्र। ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध पेयजल समूह योजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे और अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन कम से कम 25 गांवों का भ्रमण कर मौके पर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का सत्यापन करें और इसकी दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 40 से 45 एमएलडी जलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पटवध पेयजल समूह योजना से जुड़े सभी गांवों में नियमित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर मानी जाएगी।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के डीसीएम और जीएम को भी निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन उपस्थित रहकर जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करें और जमीनी स्तर पर निगरानी बनाए रखें।
उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण या मॉनिटरिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए शासन को पत्र भेजा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



