उत्तर प्रदेशक्राइमटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

दिनदहाड़े सूने घर में लाखों की चोरी, कॉलोनी में दहशत

सरकारी कर्मचारी के बंद मकान से करीब 20 लाख के जेवरात और 50 हजार नकद पार, पुलिस जांच में जुटी

फतेहपुर | संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
सदर कोतवाली क्षेत्र की शिवपुरम कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, खागा कोतवाली क्षेत्र के बाभनपुरवा गांव निवासी आनंद कुमार त्रिवेदी पिछले दो वर्षों से परिवार सहित शहर के कलक्टरगंज स्थित शिवपुरम कॉलोनी में रह रहे हैं। बुधवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर चले गए थे। उनकी पत्नी बीनू त्रिवेदी भी करीब 11 बजे बच्चों के साथ मायके बड़नपुर में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने चली गई थीं, जिससे घर पूरी तरह बंद हो गया था।
इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बजाय उसे फैलाकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के कमरों में रखे सामान को खंगाला और स्टोर रूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात व नकदी चोरी कर ली।
शाम करीब चार बजे जब आनंद कुमार त्रिवेदी घर लौटे तो गेट की स्थिति देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से शिवपुरम कॉलोनी के लोगों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!