
सोनभद्र। ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला और तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) से क्षेत्रीय लोगों को होने वाली संभावित समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
संदीप मिश्र ने कहा कि यह मार्ग लगभग छह लाख लोगों के लिए लाइफ लाइन का काम करता है, इसलिए आरओबी निर्माण से पहले आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बिहार, खलियारी, रामगढ़ और पन्नूगंज क्षेत्र से आने वाली छोटी गाड़ियों एवं बाइक सवारों को चतरा-धधरौल मार्ग के माध्यम से मुख्यालय से जोड़ा जाए। वहीं मुख्यालय से लौटने वाले लोगों के लिए चुर्क-सिल्थरी से सजौर नहर की पटरी होते हुए पन्नूगंज-खलियारी मार्ग तक संपर्क स्थापित किया जाए। बड़ी गाड़ियों के लिए बेलखुरी-तिवारीपुर होते हुए मधुपुर-वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग का उपयोग करने का सुझाव भी दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में फलदार वृक्ष लगाए जाने की मांग की। उनका कहना था कि सोनभद्र का वातावरण आम, अमरूद, आंवला और कटहल जैसे फलदार वृक्षों के लिए अनुकूल है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को आर्थिक लाभ भी मिल सकेगा।
जल संकट के समाधान के लिए मोर्चा संयोजक ने सुझाव दिया कि जनपद के तालाबों का मशीनों द्वारा दो से ढाई मीटर तक गहरीकरण कराया जाए। इससे वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा और भविष्य में पेयजल संकट को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
इस अवसर पर आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, विजय बिंद, शुभम बिंद, संजय बियार, सत्यम पांडेय, सूरज चौधरी, धीरज कनौजिया, बिंदू प्रसाद खरवार, मुखलाल चेरो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



