रोजगार सेवकों के हित में जिलाधिकारी से मिला किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा, आर्थिक सहायता व मानदेय भुगतान की मांग
स्वर्गीय रोजगार सेवक के परिवार को तत्काल मदद देने, तालाबों के गहरीकरण और बड़े पैमाने पर फलदार व औषधीय पौधरोपण का सुझाव

सोनभद्र। संवाददाता: क्षितिश चतुर्वेदी
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला। इस दौरान रोजगार सेवकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान कहा कि “एक-एक रोजगार सेवक हमारे परिवार का सदस्य है।” उन्होंने कहा कि रोजगार सेवक ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की रीढ़ हैं और प्रशासन के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उन्होंने म्योरपुर ब्लॉक की बेलहत्थी ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक स्वर्गीय ओमप्रकाश, जिनका 27 मई को निधन हो गया था, के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को संकट की घड़ी में सहारा मिल सके।
इसके साथ ही मोर्चा ने सभी मनरेगा कर्मचारियों का लंबित मानदेय शीघ्र जारी करने की मांग भी की।
बैठक के दौरान संदीप मिश्र ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में मनरेगा के माध्यम से निर्मित सभी तालाबों का मशीनों द्वारा डेढ़ से दो मीटर तक गहरीकरण कराया जाए, जिससे जल संचयन की क्षमता बढ़ सके।
पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने मैदानी क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में आम, अमरूद, आंवला और कटहल जैसे फलदार वृक्ष लगाने तथा पहाड़ी क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में चिरौंजी (पियार), तेंदू, महुआ, हर्रा और बहेरा जैसे औषधीय एवं उपयोगी पौधों का रोपण कराने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, सूरज कनौजिया, दिनेश चेरो, सत्यम पांडेय, संतोष चेरो और विजय चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



