उमरियाक्राइमटॉप न्यूजबड़ी खबरभोपालमध्य प्रदेश

बछिया की तलाश में निकला ग्रामीण बना गोलीकांड का शिकार, 17 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार

आरोपी की निशानदेही पर कुएं से बरामद हुई अवैध देशी भरमार बंदूक, घायल ग्रामीण का चल रहा उपचार

ब्यूरो चीफ उमरिया : राहुल शीतलानी
सब तक एक्सप्रेस

उमरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा अमड़ी में हुई गोलीकांड की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए 17 दिनों से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देशी भरमार बंदूक भी खेत के कुएं से बरामद की गई है। घटना में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया था।

जानकारी के अनुसार, 21 मई की रात ग्राम खैरा अमड़ी निवासी नन्हेलाल अगरिया अपनी गाय की बछिया की तलाश में घर से निकले थे। काफी खोजबीन के बाद वह छपरी हार के जंगल क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान अचानक चली गोली के छर्रे उनके शरीर में कई स्थानों पर लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घायल नन्हेलाल ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद गांव का धनिया उर्फ धनीराम यादव हाथ में बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा। आरोपी ने गोली गलती से चलने की बात कही और किसी को जानकारी नहीं देने का आग्रह करते हुए इलाज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देश पर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने घायल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी धनीराम यादव को गांव लौटने पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना में प्रयुक्त बिना लाइसेंस की देशी भरमार बंदूक उसने अपने खेत के कुएं में फेंक दी थी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से अवैध बंदूक बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अवैध हथियार रखने और उनका लापरवाहीपूर्वक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ब्यूरो चीफ उमरिया : राहुल शीतलानी
सब तक एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!