किसानों को मुआवजा देकर और सिंचाई योग्य नहर बनाई जाए : संदीप मिश्र
कनहर परियोजना की नहर खेतों से नीचे बनाए जाने का ग्रामीणों ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
कोन (सोनभद्र)। कनहर डैम परियोजना के अंतर्गत झरिया बंधी, मोहुद्दीनपुर, खेमपुर, कोलडिहवा, रामगढ़, नौडिहा और निगाई बगिया क्षेत्र में बनाई जा रही नहर को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर का निर्माण खेतों के स्तर से काफी नीचे किया जा रहा है, जिससे सिंचाई का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने झरिया बंधी पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि नहर में पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाएगा तो इस निर्माण का किसानों को कोई लाभ नहीं मिलेगा।
इस दौरान संदीप मिश्र ने कनहर परियोजना के मुख्य अभियंता नीरज से वार्ता कर ग्रामीणों की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसानों की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए नहर का निर्माण कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने परियोजना अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
संदीप मिश्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के हक और अधिकारों के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगा।
कार्यक्रम में श्रवण कनौजिया, सम्पूर्णानंद जायसवाल, छोटेलाल बिंद, नंदकिशोर बियार, कमलेश चंद्र पांडेय, रवि शाह, सुरेश, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, विजय चौहान, अरविंद चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस



