कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन दोबारा चलाने की मांग, राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेन के संचालन की उठी मांग, आमजन को हो रही परेशानी

सोनभद्र। रिपोर्ट : क्षितीश चतुर्वेदी
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने रेल एवं तकनीकी सूचना मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन को पुनः संचालित कराने की मांग की है।
अपने पत्र में मंत्री ने उल्लेख किया है कि जनपद सोनभद्र एक पिछड़ा क्षेत्र है, जहां अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। वर्ष 2019 से पहले कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन सिंगरौली होकर संचालित होती थी, लेकिन कोरोना काल के दौरान इसका संचालन बंद कर दिया गया था, जो अब तक शुरू नहीं हो सका है।
मंत्री ने कहा कि इस ट्रेन के बंद होने से क्षेत्र की जनता को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले इस ट्रेन से लोगों को सस्ती और सुगम यात्रा की सुविधा मिलती थी, लेकिन इसके बंद होने के बाद यात्रियों में नाराजगी और असंतोष का माहौल है।
राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने जनहित को देखते हुए रेल मंत्री से कटनी-सिंगरौली-चोपन पैसेंजर ट्रेन का संचालन शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



